नरसिंहपुर। डिजिटल युग में इन्टरनेट की मदद से चंद सेकंड में हम अपनी बात दूर बैठे शख्स तक पहुंचा सकते हैं। ऐसे समय में भी एक शख्स ऐसा है जो पोस्टकार्ड की मदद से खुशियाँ बाँट रहा हैं। यह शख्स रोजाना कम से कम दस लोगों को पोस्टकार्ड से संदेश भेजता है।
पोस्टकार्ड भेजने वाले शख्स का नाम है प्रकाश पेठिया। नरसिंहपुर जिले के करेली के रहने वाले पेठिया पिछले 50 सालों से लोगों के सुख-दुख में चिट्ठियां लिखते आ रहे हैं। उनका मानना है कि अपनी भावनाओं को व्यक्त करने का यह सबसे अच्छा तरीका है। किसी अन्य संचार साधनों से भावनाओं को इस तरह व्यक्त नहीं किया जा सकता है। जिले में कई लोगों के पास प्रकाश पेठिया के ख़त पहुँच चुके हैं।
प्रकाश पेठिया के इस काम में उनकी पत्नी सुषमा पेठिया भी उनका साथ देती है। सुषमा का कहना है कि यह केवल शौक नहीं बल्कि अभिव्यक्ति की संवेदना है।
73 साल के प्रकाश पेठिया को सिर्फ खत लिखने का ही शौक नहीं है। वह रोजाना सुबह शहर की सड़कों पर साइकिल लेकर निकट जाते है। वह साइकिल से अनोखी कलाबाजी करते हुए योग करते है और लोगों को फिट रहने का संदेश देते है। उम्र के इस पड़ाव पर भी पेठिया शहर के लोगों को योग का अभ्यास कराते है। इस कारण शहर के लोग उन्हें रबर मैन भी कहते हैं।
शहर के युवा बताते है कि साइकलिंग पर प्रकाश का बैलेंस करना न केवल अदभुत है बल्कि लोगों को आश्चर्यकित करने वाला है। वह योग का संदेश भी देते है और युवाओं को प्रशिक्षण भी।
