भोपाल। मध्य प्रदेश में आंगनबाड़ी में बच्चों को खाने में अंडा देने के मामले में सियासत ख़त्म होने का नाम नहीं ले रही है। नेता प्रतिपक्ष के आरोपों पर जवाब देते हुए प्रदेश के पीएचई मंत्री सुखदेव पांसे ने भाजपाइयों को ही नरभक्षी बता दिया।
सुखदेव पांसे ने अपने बयान में कहा कि, “कांग्रेस को नरभक्षी बताने वाले भाजपाई खुद ही नरभक्षी है। अगर बच्चों को प्रोटीन के रूप में यदि अंडा दिया जाता तो इसमें क्या गलत है? अगर जनता इस फैसले का विरोध करेगी तो इसे वापस ले लिए जाएगा।”
सुखदेव पांसे ने यह बयान नेता प्रतिपक्ष गोपाल भार्गव के बयान के विरोध में दिया है। गोपाल भार्गव ने मध्य प्रदेश सरकार पर निशाना साधते हुए कहा था कि, “भारत के जो संस्कार हैं, सनातन संस्कृति के संस्कार हैं। सनातन संस्कृति में मांसाहार निषेध है। अगर बचपन से ही हम इसे खाएंगे तो बड़े होकर नरभक्षी हो जाएंगे।”
