इंदौर। बीजेपी के राष्ट्रीय महासचिव कैलाश विजयवर्गीय ने शुक्रवार को इंदौर में प्रदेश के मुख्यमंत्री कमलनाथ पर तीखा हमला किया है। विजयवर्गीय ने कहा कि कमलनाथ भाजपा पर जुगाड़ की सरकार के आरोप लगा रहे है जबकि कमलनाथ की खुद की जुगाड़ की सरकार है। आगे उन्होंने कहा कि अहंकार रावण की भी नही टिका और कमलनाथ का भी नही रहेगा।
दरअसल विजयवर्गीय धनतेरस के मौके पर हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी इंदौर में अपनी पुश्तैनी दुकान पर पहुंचे थे। इस दौरान उन्होंने हरियाणा विधासभा चुनाव को लेकर कहा कि जेजेपी प्रमुख दुष्यंत चौटाला, किंगमेकर की भूमिका में नही है और हमारे पास स्पष्ट बहुमत है। यदि दुष्यंत चौटाला समर्थन देंगे तो पार्टी हाईकमान बैठक चर्चा करेगा। भाजपा निर्दलीय विधायकों की मदद से सरकार बनाएगी।
वहीँ विजयवर्गीय ने ममता बनर्जी के उस बयान पर भी निशाना साधा जिसमें उन्होंने कहा था कि चुनाव परिणाम के बाद बीजेपी को अपनी राजनीतिक हालत पता चल गई है। विजयवर्गीय ने कहा कि ममता बनर्जी समझ नहीं पा रही है कि महाराष्ट्र में भाजपा पिछली बार 260 में से 122 सीट जीती थी। इस बार हम 160 सीटों पर लड़े और 100 से ज्यादा सीट जीते। हमारा पहले की तुलना में स्ट्राइक रेट 49 से बढ़कर 74 प्रतिशत हो गया और कही पर भी वोट शेयर कम नही हुआ। वहीँ झाबुआ उपचुनाव में भी भाजपा का वोट परसेंट बड़ा है।
इसलिए ममता बैनर्जी सहित अन्य नेताओं को भी समझ लेना चाहिए कि बीजेपी की लोकप्रियता में कमी नहीं आई है और वो अपनी गलतफहमी को दूर कर ले कि बीजेपी को पब्लिक ने रिजेक्ट कर दिया।
