देवास। सांप पकड़ते हुए टिक टाक वीडियो बनाना एक युवक को भारी पड़ गया। सांप ने युवक के हाथ पर काट लिया। आनन फानन में युवक को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया।
दरअसल देवास जिले के बागली बेहरी फाटे पर जीर्ण शीर्ण सामुदायिक भवन वर्षों से खंडहर पड़ा है। भवन में अचानक कही से सांप आ गया तो लोग देखने के लिए भवन पहुँच गए। टिक टाक पर वीडियो बनाने वाला यश पिता केवलराम शर्मा निवासी बागली भी सांप को देखने वहां पहुंचा।
यश सांप को छोटी सी लकड़ी की सहायता से पकड़ने लगा। उसके साथी उसका वीडियो बना रहे थे। इस बीच सांप ने यश के हाथ पर दंश किया। इस पर यश को तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बागली ले जाया गया। यहाँ डॉक्टर विष्णुलता उइके ने सर्पदंश निरोधक इंजेक्शन लगाकर उसको देवास रेफर किया।
मामले की जानकारी मिलने पर वन विभाग का अमला भी मौके पर पहुंचा और सांप की पहचान दिवड़ सांप के रूप में की। विभाग ने साँप को पकड़ कर जंगल मे छोड़ा गया। उक्त स्थान के खेतों से लगे होने व भवन खंडहर होने से सांप आने की बात की गई है।
