दमोह। पाकिस्तान में दो भारतीय नागरिकों को अवैध घुसपैठ के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। इनमें से एक युवक मध्य प्रदेश और दूसरा युवक तेलंगाना का रहने वाला है। मध्य प्रदेश में रहने वाले युवक की पहचान बारेलाल के तौर पर हुई है, जो दमोह जिले के शीषपुर का रहने वाला है। परिवार का दावा हैं कि बारेलाल मानसिक रूप से विक्षिप्त है और वह तीन साल पहले घर से गायब हो गया था।
दरअसल पाकिस्तान में बारेलाल के पकड़े जाने की सूचना मिलने पर पुलिस पीड़ित परिवार के घर पहुंचीं थी। पुलिस ने परिवार को पाकिस्तान में पकड़े गए व्यक्ति का फोटो दिखाया तो परिवार ने उसके बारेलाल होने की पुष्टि की। हालांकि अभी तक पुलिस ने इसकी पुष्टि नहीं की है कि संबंधित व्यक्ति दमोह से लापता हुआ बारेलाल ही है।
बारेलाल के भाई ने बताया कि उसकी मानसिक स्थिति ठीक नहीं है। 2017 में वो अचानक घर से लापता हो गया था। परिवार ने 4 मार्च 2017 को थाने में उसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। बता दे कि पुलिस ने युवक के संबंध में तमाम जानकारी गृह मंत्रालय और केंद्रीय एजेंसियों को भेज दी है।
