आगर-मालवा। मध्य प्रदेश पुलिस विभाग का अजीब कारनामा सामने आया है। जिसके बाद विभाग पर सवाल खड़े हो रहे हैं। दरअसल गुरुवार को पुलिस मुख्यालय ने उपनिरीक्षकों का बड़े पैमाने पर तबादला किया। ख़ास बात हैं विभाग ने एक ऐसे उपनिरीक्षक का भी तबादला कर दिया जिसकी कुछ दिनों पहले मृत्यु हो चुकी है।
तबादलों को लेकर अक्सर विपक्ष के निशाने पर रहने वाली मध्य प्रदेश सरकार के पुलिस विभाग के तबादले की सूची विवादों में आ गई है। गुरुवार देर रात जारी हुई 87 एसआई के तबादले की सूची में 77 नंबर पर नाम छोटेलाल तोमर का है। सूचि के अनुसार छोटेलाल तोमर का आगर मालवा से ग्वालियर तबादला किया गया है। लेकिन एसआई छोटेलाल का पिछले दिनों निधन हो चुका है। ऐसे में सवाल उठता है कि क्या पुलिस विभाग को अपने ही कर्मचारी की मौत की जानकारी नहीं है?
बताया जा रहा है कि स्व. छोटेलाल मुरैना के रहने वाले थे और 12 नवंबर को उनकी कैंसर के चलते मौत हो गई थी। इसके बावजूद पुलिस विभाग ने उनका तबादला कर दिया। यह सूचि सामने आने के बाद पुलिस विभाग पर सवाल खड़े हो रहे है।
विधानसभा में विपक्ष के नेता गोपाल भार्गव ने मुख्यमंत्री कमलनाथ पर तंज कसते हुए कहा कि, “कमलनाथ सरकार भी अजब-गजब सरकार है। तबादला उद्योग भी बेपटरी निकला। कल पुलिस मुख्यालय से जारी तबादला आदेश में मृत एसआई छोटेलाल सिंह तोमर का आगर मालवा से ग्वालियर स्थानांतरण कर दिया। सोयत में पदस्थ छोटेलाल तोमर का ब्लड कैसंर की वजह से 12 नवम्बर को स्वर्गवास हो गया था।“
