रतलाम। रतलाम पहुंचें पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने मुख्यमंत्री कमलनाथ की जमकर तारीफ की। दिग्विजय ने कमलनाथ को सिंघम का रूप बताते हुए उनके कार्यकाल को दस में से दस नंबर दिए।
रतलाम के सर्किट हाउस में पत्रकारों से चर्चा के दौरान दिग्विजय सिंह ने कहा कि पिछले 15 साल से शिवराज सरकार नान गवर्नेंस थी। भ्रष्टाचार चरम पर था। अधिकारी मनमानी कर रहे थे। आज का युग सिंघम का युग है। मुख्यमंत्री सिंघम के रूप में उभर कर आए है। सख्ती से माफिया के खिलाफ कार्रवाई की है। अवैध कब्जा और कॉलोनी काटने वालों की लिस्ट बना ली है। सबके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। चाहे आरोपी किसी भी पार्टी का क्यों न हो। मुख्यमंत्री कमलनाथ ने सिंघम की कार्रवाई की है। उन्होंने कमलनाथ को एक साल के कार्यकाल में खरा उतरने पर दस में से दस नंबर दिए।
राहुल गाँधी के सावरकर पर दिए बयान को लेकर दिग्विजय सिंह ने कहा कि ,सावरकर के जीवन के दो पहलू है। पहला वो जिसमे उन्होंने आंदोलन चलाए। दूसरा वो जिसमें उन्होंने ब्रिटिश हुकूमत का साथ दिया। टू नेशन थ्योरी उन्होंने सबसे पहले दी इसलिए राहुल गांधी ने जो कहा वो सही है। आगे उन्होंने कहा कि अटल जी कहते थे कि, अपने पड़ोसी से प्यार करो, लेकिन मोदी-शाह ने सारे पड़ोसी नेपाल, भूटान, बांग्लादेश, श्रीलंका से संबंध बिगाड़ लिए हैं। अब माहौल बिगड़ रहा है। मुस्लिमो में अशांति पैदा कर दी है। कांग्रेस विभाजन के पक्ष में नहीं थी। कश्मीर 370 के लिए श्यामा प्रसाद मुखर्जी ने विरोध नही किया। भाजपा वाले न संस्कार जानते है, न इतिहास और न सनातन धर्म।
