इंदौर। इंदौर के देपालपुर में चल रहे अखिल भारतीय मंगलामुखी किन्नर सम्मेलन के 11वें दिन पूरे किन्नर समुदाय द्वारा भव्य व ऐतिहासिक कलश यात्रा निकाली गई। करीब 1500 से ज्यादा किन्नरों ने सबसे पहले भगवान 24 अवतार के दर्शन कर अपने कलश भरने की प्रक्रिया शुरू की। इसके बाद कलश को सजाकर दो किन्नरों ने दुल्हन रूप में कलश को सर पर उठाकर करीब 4 किलोमीटर से ज्यादा सफर पूरा किया।
इस अनोखी कलश यात्रा का स्वागत करने के लिए पूरा नगर उमड़ पड़ा। पूरे रास्ते किन्नर डीजे व बाजे की धुन पर नाचते रहे। किन्नर गुरु व आयोजक रानी बुआ नायक खुली जीप में सवार होकर लोगो का अभिवादन स्वीकार कर रही थी। लोगों ने खूब स्वागत व सम्मान किया। नगर में इस तरह का यह पहला व ऐतिहासिक आयोजन हुआ। किन्नरों के इस आयोजन ने क्षेत्र में हुए दूसरे आयोजन को काफी पीछे छोड़ दिया।
इस अवसर पर सभी किन्नरों ने पूरे नगर सहित सभी लोगों के लिए प्रार्थना कर खूब आशीर्वाद दिया। इस दौरान किन्नरों ने सिक्के भी बांटे व महिलाओं की आशीर्वाद देकर गोद भराई की। इस आयोजन में विधायक विशाल पटेल भी पहुचें। उन्होंने किन्नरों का सम्मान किया। इस अवसर पर किन्नर गरुओ ने उन्हें आशीर्वाद दिया।
