इंदौर। भाजपा के महासचिव कैलाश विजयवर्गीय, इंदौर सांसद शंकर लालवानी, विधायक महेंद्र हार्डिया, विधायक रमेश मेंदोला सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ शुक्रवार को कमिश्नर आकाश त्रिपाठी के घर के सामने धरने पर बैठ गए। विजयवर्गीय शहर की समस्याओं पर चर्चा के लिए बुलाने के बाद भी अधिकारियों के नहीं पहुंचने से नाराज थे।
दरअसल शहर की समस्याओं पर चर्चा करने के लिए भाजपा नगर अध्यक्ष ने अधिकारियों को मीटिंग के लिए चिट्ठी लिखी थी। दोपहर तक जब अधिकारी चर्चा करने नहीं पहुंचे तो विजयवर्गीय ने इसे शासन प्रशासन का अहंकार बताया। उन्होंने कहा कि अधिकारियों को लगता है हमने चूड़ी पहन रखी है। जनता की नौकरी कर रहे हैं या कमलनाथ की ड्यूटी बजा रहे हैं।
इसके बाद विजयवर्गीय कमिश्नर आकाश त्रिपाठी के घर के सामने धरने पर बैठ गए। इस दौरान उनके साथ सांसद शंकर लालवानी, विधायक महेंद्र हार्डिया, विधायक रमेश मेंदोला, विधायक आकाश विजयवर्गीय, पूर्व विधायक जीतू जिराती, नगर अध्यक्ष सहित सैकड़ों नेता कार्यकर्ता धरने पर बैठ गए।
