भोपाल। कांग्रेस विधायक सुनीता पटेल के बाद अब एक और कांग्रेसी विधायक ने अपनी ही सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। ग्वालियर पूर्व से कांग्रेस विधायक मुन्नालाल गोयल ने शनिवार को अपनी सरकार के खिलाफ विधानसभा के मुख्य गेट के पास एक घंटे तक धरना दिया। इस दौरान उन्होंने कमलनाथ सरकार पर वादाखिलाफी का आरोप लगाया।
कांग्रेस विधायक ने कहा कि कांग्रेस सरकार अपने वचन पत्र में शामिल वादे पूरा नहीं कर रही है। कांग्रेस ने वचनपत्र में वादा किया था कि गरीब भूमिहीनों को पट्टा दिया जाएगा, लेकिन यह वचन पूरा नहीं हुआ। इस सरकार में विधायकों की भी अनदेखी हो रही है। मैं ना मुख्यमंत्री से नाराज हूँ और ना ही किसी मंत्री से। मैं चाहता हूँ कि कांग्रेस वचन पत्र में किए गए अपने वादों को पूरा करे।
कांग्रेस विधायक के धरने को लेकर नेता प्रतिपक्ष गोपाल भार्गव ने भी कांग्रेस सरकार पर हमला बोला है। उन्होंने ट्वीट किया कि, “मध्यप्रदेश में गूंगी बहरी सरकार विपक्ष और जनता तो दूर अब अपने ही विधायकों की नहीं सुन रही। विधायक सुनीता पटेल और अब मुन्नालाल गोयल मुख्यमंत्री कमलनाथ को वचन याद दिला रहे है। यह इस बात का प्रमाण है कि सरकार से कार्यप्रणाली से उसके ही विधायक भी खुश नहीं है।“
