भोपाल। पथरिया से बसपा विधायक रामबाई एक बार फिर अपने बयान को लेकर सुर्ख़ियों में आ गई है। विधायक रामबाई ने कमलनाथ सरकार पर कांग्रेस के चुनावी घोषणा पत्र का पालन न करने का आरोप लगाया है। रामबाई ने कहा कि सरकार रोजगार देने की जगह छीनने का काम कर रही है।
दरअसल भोपाल में विधायक रामबाई सहकारिता विभाग से बाहर किए गए संविदा कंप्यूटर ऑपरेटरों की समस्या सुन रही थी। इस दौरान उन्होंने सहकारिता मंत्री डॉ गोविंद सिंह पर निशाना साधते हुए कहा कि मुझे भी समझ नहीं आ रहा है कि मंत्री डॉ गोविंद सिंह ऐसा क्यों कर रहे है। उनके भी बच्चे है। उन्हें समझना चाहिए।
आगे रामबाई ने कहा कि सरकार भोपाल में बिजनेस चला रही है। इसे निकालो और उसे भर्ती करो। ये सरकार कांग्रेस की नहीं बल्कि कमलनाथ की है। सारे अधिकारी बीजेपी के शासन के बैठे हैं। मंत्रियों की समझ में नहीं आ रहा कि अधिकारी उन्हें गुमराह कर रहे हैं।
इस दौरान उन्होंने कहा कि किसी के मरने से भी कुछ नहीं होने वाला है। सब मर भी जाए तो सरकार को फर्क नहीं पड़ेगा।
