भोपाल। भाजपा के नए नवेले नेता ज्योतिरादित्य सिंधिया शुक्रवार को राज्यसभा के लिए नामांकन दाखिल करेंगे। सिंधिया के नामांकन को भव्य बनाने के लिए भाजपा ने खास तैयारियां की हैं। सिंधिया दोपहर में सबसे पहले भाजपा कार्यालय जाएँगे और फिर यहाँ से नामांकन दाखिल करने के लिए विधानसभा जाएँगे।
इससे पहले ज्योतिरादित्य सिंधिया गुरुवार रात को डिनर के लिए पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के घर पहुंचे। शिवराज सिंह चौहान के डिनर टेबल पर ज्योतिरादित्य सिंधिया के अलावा नरेंद्र सिंह तोमर, प्रदेश बीजेपी अध्यक्ष वीडी शर्मा, नरोत्तम मिश्रा, यशोधरा राजे सिंधिया भी मौजूद रहे। शिवराज सिंह चौहान की पत्नी साधना सिंह ने सभी नेताओं को भोजन परोसा।
वहीँ मध्यप्रदेश के राज्यपाल लालजी टंडन होली की छुट्टी मनाकर गुरुवार की रात को भोपाल लौट आए हैं। शुक्रवार को मुख्यमंत्री कमलनाथ राज्यपाल लालजी टंडन मुलाकात करेंगे। इस मुलाकात में प्रदेश के राजनीतिक हालातों पर चर्चा हो सकती हैं। अब तक कांग्रेस के 22 विधायक इस्तीफा दे चुके हैं।
दूसरी तरफ मुख्यमंत्री कमलनाथ ने राज्यपाल से बेंगलुरु गए छह मंत्रियों को बर्खास्त करने की सिफारिश की हैं। राज्यपाल इस पर भी अंतिम फैसला ले सकते हैं।
