होशंगाबाद। टिड्डी दल के प्रकोप को देखते हुए प्रदेश के एक युवा किसान ने टिड्डी दल को भगाने के लिए एक नई तकनीक ईजाद की है। किसान ने ट्रेक्टर के पीछे थाली और लोहे की चैन बांधी है। किसान जब ट्रेक्टर चलाता है तो लोहे की चैन तेजी से घूमती हैं और थाली पर टकराकर जोरदार आवाज करती है।
होशंगाबाद जिले के सिवनी मालवा तहसील में रहने वाले युवा किसान का नाम गोलू पंचारिया है। गोलू पंचारिया का कहना है कि थाली बजाकर टिड्डी दल को भगाते किसानों को देखकर उन्होंने सोचा कि क्यों ना इस काम को ट्रेक्टर की मदद से किया जाए। इससे आवाज तेज आएगी, जिससे टिड्डी दल भाग जाएगा।
गौरतलब है कि प्रदेश के कई जिलों में इन दिनों टिड्डी दल की दहशत है। कृषि विभाग ने टिड्डी दल को लेकर अलर्ट जारी किया है। कृषि विभाग ने टिड्डी दल को भगाने के लिए किसानों को कुछ उपाय सुझाए हैं। जैसे ध्वनि विस्तार यंत्र, ढोल, डीजे, थाली बजाना, ट्रैक्टर का साइलेंस निकालकर शोर करा आदि उपाय प्रभावी रहेंगे।
