छतरपुर। आर्म्स एक्ट के आरोपी का जेल के गेट के बाहर खड़े होकर टिक टॉक वीडियो बनाने का मामला सामने आया है। वीडियो में हथकड़ी पहने हुए आरोपी जेल के अंदर जाने से पहले वीडियो शूट कर रहा है। ख़ास बात यह है कि इस दौरान पुलिसकर्मी मूकदर्शक बनकर देखते रहे। सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद एसपी ने घटना की रिपोर्ट मांगी है।
दरअसल मामला मध्यप्रदेश के छतरपुर का है। यहां पुलिस ने सूचना मिलने पर अवैध हथियारों के साथ घूम रहे आरोपी राहिल पटेल को गिरफ्तार किया। पुलिस ने आरोपी के पास से एक कट्टा और चाकू बरामद किया। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश किया जहाँ से उसे जेल भेज दिया गया।
जेल के अंदर जाने से पहले आरोपी ने गेट पर ही अपने साथियों को इशारा करके टिक टॉक वीडियो बनाया। इस दौरान वहां मौजूद पुलिसकर्मी उसे टिक टॉक बनाते देखते रहे। वीडियो बनाने के बाद आरोपी जेल के अंदर गया। वहीं उसके साथियों ने वीडियो सोशल पर अपलोड कर दिया, जहाँ यह वायरल हो गया।
