उज्जैन। मध्यप्रदेश की उज्जैन पुलिस ने लोगों को कोरोना संक्रमण से बचाने के लिए जीवन मित्र योजना नाम का जन जागरूकता अभियान शुरू किया है। इस योजना के अंतर्गत कलेक्टर और एसपी लोगों के बीच जाकर उन्हें कोरोना संक्रमण से बचने के तरीके बता रहे हैं। पुलिस के इस अभियान का जनता भी समर्थन कर रही हैं और इसमें बढ़-चढ़कर हिस्सा ले रही है।
बता दे कि उज्जैन जिले में अब तक कोरोना संक्रमण के 745 मामले सामने आ चुके हैं। ऐसे में लोगों को संक्रमण से बचाने के लिए पुलिस महानिरीक्षक राकेश गुप्ता ने जीवन मित्र योजना का शुभारंभ किया है। इसके तहत पुलिस अधीक्षक मनोज कुमार सिंह और कलेक्टर आशीष सिंह लोगों के बीच जाकर उन्हें कोरोना संक्रमण से बचने के लिए मास्क, सोशल डिस्टेंसिंग, हाथों को धोना या सैनिटाइजर करना जैसे उपायों के बारे में बता रहे हैं।
इसके अलावा प्रशासन ने सभी व्यापारी भाइयों से यह अपील की है कि सभी अपने व्यवसायिक प्रतिष्ठान के सामने एक ऐसा फ्लेक्स लगाए जिसमें कोरोना संक्रमण से बचाव के बारे में आवश्यक जानकारी दर्ज हो। इसके अलावा दुकानों पर हाथ धोने के लिए साबुन और बिना मास्क लगाए आने वाले ग्राहकों को मास्क उपलब्ध कराने की सलाह दी गई है।
जीवन मित्र योजना के तहत बियाबानी निकास चौराहा दौलतगंज मालीपुरा खाराकुआ थाना क्षेत्र में पहुंचे पुलिस अधीक्षक मनोज कुमार सिंह और कलेक्टर आशीष सिंह व्यापारियों और आम जनता को शपथ दिलाई कि वह कोरोना संक्रमण को रोकने के लिए सुरक्षा संबंधी उपाय का पालन करेंगे और दूसरे लोगों को भी इसके लिए प्रेरित करेंगे। बता दे कि जीवन मित्र योजना का आम जनता द्वारा काफी समर्थन किया जा रहा है। सभी लोग एवं व्यापारी बंधु बढ़-चढ़कर इस में भाग ले रहे हैं।
