भोपाल। कमलनाथ सरकार में नर्मदा, क्षिप्रा एवं मन्दाकिनी नदी न्यास के अध्यक्ष रहे नामदेव दास त्यागी ऊर्फ कम्प्यूटर बाबा ने वर्तमान शिवराज सरकार पर उनकी हत्या कराने के गंभीर आरोप लगाए हैं। कम्प्यूटर बाबा ने कहा कि शिवराज सरकार ने उनकी X कैटेगरी की सुरक्षा वापस ले ली है। ऐसे में अगर उनकी हत्या होती है तो इसकी जिम्मेदारी शिवराज सरकार की होगी।
राजधानी भोपाल पहुंचे कंप्यूटर बाबा ने पत्रकारों से चर्चा करते हुए कहा कि माँ नर्मदा की रक्षा करने के लिए हमने कई रेत माफियाओं पर कड़ी कार्यवाही की है। ऐसे में माफियाओं से हमारी जान को खतरा है। लेकिन शिवराज सरकार ने मेरी X कैटेगरी की सुरक्षा वापस ले ली है। अगर मेरी हत्या होती है तो शिवराज सरकार और मुख्यमंत्री शिवराज जिम्मेदार होंगे। कंप्यूटर बाबा ने मुख्य सचिव को पत्र लिखकर सुरक्षा देने का आग्रह किया है।
