जबलपुर। छेड़छाड़ के मामले में लंबे समय से फरार चल रहे आरोपी ने क्राइम ब्रांच के सामने खुद को गोली मार ली। आरोपी को आनन-फानन में इलाज के लिए सिटी अस्पताल लाया गया है, जहां उसकी हालत नाजुक बताई जा रही है। वहीं आईजी ने इस मामले में पूरी टीम को निलंबित कर दिया है।
दरअसल मामला मध्यप्रदेश के जबलपुर का हैं। तीन हजार रुपए का इनामी आरोपी शुभम बागरी लंबे समय से फरार चल रहा था। जब पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी विजय नगर क्षेत्र में घूम रहा है, तो पुलिस की टीम विजय नगर पहुंची और आरोपी को पकड़कर हनुमानताल थाने ला रही थी। इस दौरान रास्ते में आरोपी ने बताया कि उसने एक खंडहरनुमा बंगले में अवैध हथियार छिपा रखे हैं।
इसके बाद पुलिस की टीम उसे हनुमानताल थाने लाने के बजाय सिविल लाइन ले गई। यहां आरोपी जैसे ही पुलिस की गाड़ी से उतरा उसने अपने पास छिपा कर रखे कट्टे से अपनी ही कनपटी पर गोली मार ली। इससे मौके पर अफरा-तफरी एवं भगदड़ की स्थिति निर्मित हो गई। घायल को गंभीर अवस्था में तत्काल उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया।
वहीं आईजी का कहना है कि टीम के जाने की अनुमति नहीं थी और न ही उन्हें सूचना दी गई। न तो गिरफ्तारी के सूचित किया गया था और न ही समय पर उसकी तलाशी ली गई वरना यह घटना नहीं होती। मामले में आईजी ने पूरी टीम को ही निलंबित कर दिया है।
