भोपाल। गुरुवार को कांग्रेस विधायक हरदीप सिंह डंग के इस्तीफा देने के बाद शुक्रवार को कांग्रेस के कुछ और विधायक इस्तीफा दे सकते हैं। इससे प्रदेश की कमलनाथ सरकार पर खतरा मंडराने लगा है। वहीँ कांग्रेस भी भाजपा ने सेंधमारी की कोशिश कर रही है।
दरअसल गुरुवार को दोपहर तक माना जा रहा था कि कमलनाथ सरकार ने डैमेज कंट्रोल कर लिया है, लेकिन शाम होते-होते हालत बदल गए। मंदसौर के सुवासरा से कांग्रेस विधायक हरदीप सिंह डंग ने विधानसभा सदस्यता से इस्तीफा दे दिया। उन्होंने इस्तीफा विधानसभा अध्यक्ष के साथ मुख्यमंत्री कमलनाथ को भी भेजा है। कहा जा रहा है कि हरदीप सिंह डंग इस समय बेंगलुरू के एक होटल में है। उनके साथ दो अन्य कांग्रेसी विधायक बिसाहूलाल सिंह और रघुराज कंसाना व निर्दलीय सुरेंद्र सिंह शेरा भी है। ऐसे में अनुमान लगाया जा रहा है कि यह तीनों विधायक भी इस्तीफा दे सकते हैं।
कांग्रेस लगातार इन चारों विधायकों से सम्पर्क करने की कोशिश कर रही है, लेकिन कांग्रेस नेताओं का इनमे संपर्क नहीं हो पा रहा है। वहीँ बिसाहूलाल सिंह के बेटे ने उनकी गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज करवाई है।
दूसरी तरफ कांग्रेस भी भाजपा में सेंधमारी कर सकती है। गुरुवार रात को भाजपा के चार विधायक मुख्यमंत्री कमलनाथ से उनके बंगले पर मिलने गए थे। ऐसे में यह उम्मीद भी जताई जा रही है कि भाजपा के भी कुछ विधायक इस्तीफा देकर कांग्रेस में शामिल हो सकते हैं।
