उज्जैन। भाजपा सरकार की नाकामी और किसानों की परेशानी को लेकर उज्जैन से भोपाल तक की पैदल मार्च कर रहे विधायक महेश परमार और मनोज चावला को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। उनके पांच अन्य कांग्रेसी कार्यकर्ताओं को भी गिरफ्तार किया गया है। इस दौरान परमिशन को लेकर प्रशासन और कांग्रेस के नेताओं के बीच जमकर कहासुनी हुई।
दरअसल उज्जैन के तराना से विधायक महेश परमार और आलोट से विधायक मनोज चावला वैश्विक महामारी कोरोना के चलते किसानों और मजदूरों की समस्याओ को लेकर बुधवार सुबह उज्जैन से भोपाल तक पैदल मार्च पर निकले। कांग्रेसी नेताओं ने महाकाल मंदिर के बाहर से शिखर दर्शन कर सरकार के खिलाफ पैदल मार्च शुरू किया।
इस दौरान प्रशासन ने दोनों विधायक और उनके समर्थकों को महाकाल मंदिर के पास ही रोक दिया और मौके पर भारी पुलिस फ़ोर्स तैनात कर दिया। इस दौरान परमिशन को लेकर प्रशासन और कांग्रेस के नेताओं के बीच जमकर कहासुनी हुई। जिसके बाद कांग्रेस नेता वहीँ सड़क पर बैठ गए। ऐसे में पुलिस ने कांग्रेसी नेताओं को जबरन सड़क से उठाकर केंद्रीय भैरवगड जेल भेज दिया।
