झाबुआ/चित्रकोट। मध्यप्रदेश और छत्तीसगढ़ के विधानसभा उपचुनाव में भाजपा को बड़ा झटका लगा है। मध्यप्रदेश के झाबुआ विधानसभा उपचुनाव में कांग्रेस प्रत्याशी कांतिलाल भूरिया सबसे आगे चल रहे हैं। वह अपने निकटतम भाजपा के प्रत्याशी भानू भूरिया से 11 हजार से ज्यादा वोटो से आगे चल रहे है। ऐसे में झाबुआ से कांग्रेस की जीत तय मानी जा रही है।
वहीँ छत्तीसगढ़ के चित्रकोट उपचुनाव में कांग्रेस को बड़ी जीत मिली है। यहाँ कांग्रेस प्रत्याशी राजमन वेंजाम ने भाजपा प्रत्याशी लच्छुराम कश्यप को 17853 मतो से पराजित किया है। राजमन वेंजाम को कुल 62050 वोट मिले हैं जबकि लच्छुराम कश्यप को 44197 मत मिले हैं।
झाबुआ उपचुनाव में भाजपा की हार लगभग तय है। यह भाजपा के लिए जहाँ बड़ा झटका है वहीँ कांग्रेस की कमलनाथ सरकार के लिए बड़ी राहत की खबर है। यह सीट पहले भाजपा के कब्जे में थी। कांग्रेस के पास अभी विधानसभा में 114 सीट है जो कि बहुमत से 2 कम है। झाबुआ सीट जीतने पर कांग्रेस के पास विधानसभा में 115 सीट हो जाएगी। ऐसे में एक तरफ जहाँ कांग्रेस की विधानसभा में स्थिति मजबूत होगी वहीँ कमलनाथ सरकार के गिरने का सपना देख रही भाजपा को इससे बड़ा झटका लगा है।
