आगर-मालवा। मेवाड़ा लोहार समाज के दुल्हे के घोड़ी पर बैठकर शादी का जुलूस निकालना राजपूत समाज के कुछ लोगों को रास नहीं आया। इससे राजपूतों और मेवाड़ा लोहार समाज के बीच संघर्ष की स्थिति बन गई। राजपूत समाज के कुछ लोगों ने दूल्हे के साथ मारपीट की और उसे घोड़ी से गिरा दिया। देखते ही देखते मामला इतना बढ़ गया कि दोनों पक्षों के बीच पथराव शुरू हो गया। इस घटना में पांच लोग घायल हो गए है।
दरअसल आगर मालवा जिले के बड़ौद थाना क्षेत्र के गांव भदवासा में बीती रात मेवाड़ा लोहार जाति के धर्मेंद्र कालूराम परमार की शादी का जुलूस निकल रहा था। इसी दौरान राजपूत समाज के एक व्यक्ति ने जुलूस रोककर दूल्हे को घोड़ी पर बैठकर राठौड़ गली से निकलने से मना किया। इसको लेकर विवाद बड़ा तो दूल्हे से मारपीट कर उसे नीचे गिरा दिया। देखते ही देखते वहां दोनों पक्षों के बीच पथराव शुरू हो गया। पथराव में पांच लोग घायल हुए है। घायलों का बड़ौद सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में उपचार कराया गया।
वहीँ सूचना मिलने पर पुलिस अधीक्षक सहित भारी पुलिस बल गांव पहुंचा और स्थिति पर काबू किया। पुलिस दूल्हे की शिकायत पर 11 नामजद राजपूतों और अन्य अज्ञात लोगों पर मामला दर्ज किया है। फिलहाल गावँ में भारी पुलिस बल, टीआई और एसडीओपी की मौजूदगी में शादी के बाकी कार्यक्रम सम्पन्न किये जा रहे हैं।
