देवास। प्रदेश के कई इलाकों में समय पर यूरिया नहीं मिलने से किसान परेशान हो रहे हैं। देवास में किसानों की नाराजगी इस हद तक बढ़ गई कि उन्होंने सड़क पर चक्का जाम शुरू कर दिया। बाद में प्रशासन के हस्तक्षेप से आंदोलित किसान शांत हुए।
दरअसल खातेगांव पुलिस थाना पर किसानों को लाइन लगाकर यूरिया वितरण किया जा रहा था। लगभग दो हजार किसान सुबह 06 बजे से लाइन में लगकर अपनी बारी का इंतजार रहे थे। सुबह लगभग 10 बजे अचानक यूरिया देना बंद कर दिया गया। इससे आधे से ज्यादा किसानों को हाथ वापस लौटना पड़ा। इससे नाराज किसानों ने वर्तमान सरकार की व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए खूब खरी खोटी सुनाई।
दो दिन पहले भी भारतीय जनता पार्टी के क्षेत्रीय विधायक आशीष शर्मा ने किसान और पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ खातेगांव थाने के सामने विरोध प्रदर्शन किया था। हालाँकि उसका बहुत ज्यादा असर नहीं हुआ। किसान की यूरिया की समस्या ख़त्म होने का नाम नहीं ले रही है।
