छतरपुर। थाईलैंड के फ़ुकेट शहर में हुए हादसे मे छतरपुर की एक बेटी की दर्दनाक मौत के मामले में मुख्यमंत्री कमलनाथ ने संज्ञान लिया है। कमलनाथ ने पीड़ित परिवार को हर संभव मदद के निर्देश दिए है।
कमलनाथ ने ट्विटर पर लिखा कि, ‘प्रदेश के छतरपुर की बेटी प्रज्ञा पालीवाल के ट्रेनिंग के दौरान थाईलैंड के फूकेट शहर में हादसे में हुई मौत की ख़बर बेहद दुःखद। परिवार के किसी सदस्य के पास पासपोर्ट नहीं, पार्थिव शरीर लाने में दिक्कत हो रही है। परिवार परेशान ना हो, सरकार आपके साथ। हर संभव मदद के निर्देश। विदेश मंत्रालय से सरकार चर्चा कर शव लाने का प्रयास करेगी। परिवार के सदस्य जाना चाहे तो उसका भी सरकार पूरा इंतज़ाम करेगी।‘
दरअसल पालिवाल परिवार ने बेटी को बैंगलोर की एक कंपनी के ज़रिए ट्रेनिंग के लिए वहाँ भेजा था। परिवार में किसी के पास पासपोर्ट नहीं है। इस वजह से शव भारत लाने में दिक़्क़तें आ रही है। सरकार से मदद की माँग की है।
वहीँ इस मामले में विदेश मंत्री एस जयशंकर ने ट्वीट कर कहा है कि थाईलैंड का हमारा दूतावास पीड़ित परिवार के संपर्क में है और इस कठिन समय में सभी तरह की सहायता प्रदान कर रहा है।
इससे पहले पीड़ित परिवार ने छतरपुर विधायक आलोक चतुर्वेदी के घर जाकर भी मदद की गुहार लगाई थी। जिस पर विधायक ने प्रधानमंत्री और विदेश मंत्री को ट्वीट कर मदद मांगी थी।
