इंदौर। लोकायुक्त पुलिस की टीम ने रेत का ट्रक छोड़ने के एवज में रिश्वत लेते हुए आरक्षक को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इस मामले में आरक्षक के साथ थाना प्रभारी और होमगार्ड सैनिक को भी आरोपी बनाया है।
दरअसल मनोज शर्मा का रेत से भरा ट्रक सिमरोल पुलिस ने पकड़ कर थाने में खड़ा कर दिया था। मनोज का आरोप है कि ट्रक छोड़ने के एवज में मुझसे 15 हजार रुपए की रिश्वत मांगी जा रही थी। बातचीत में 13 हजार रुपए में ट्रक छोड़ना तय हुआ।
मनोज शर्मा की शिकायत पर 5 नवम्बर को लोकायुक्त पुलिस की टीम ने आरक्षक विजेंद्र धाकड़ को मनोज से ₹13000 रिश्वत लेते हुए पुलिस थाना सिमरोल पर पकड़ा। आरक्षक ने पूछताछ में सिमरोल थाना प्रभारी राकेश कुमार नैन के कहने पर रिश्वत लेने की बात कही। इसमें होमगार्ड सैनिक दीपक पटेल की भी भूमिका सामने आई है। जिसके बाद लोकायुक्त ने थाना प्रभारी, आरक्षक और होमगार्ड सैनिक को मामले में आरोपी बनाया है।
