इंदौर। मकर संक्राति के अवसर पर इंदौर में आयोजित एक कार्यक्रम में दिलचस्प नजारा देखने को मिला। राजनीति में एक दूसरे के धुर विरोधी कांग्रेस के दिग्गज नेता पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह और भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव कैलाश विजयवर्गीय अचानक आमने-सामने आ गए। इस दोनों नेताओं ने एक-दूसरे को गले लगाकर अभिवादन किया।
दरअसल इंदौर के पलासिया स्थित आदर्श रोड पर मकर संक्राति के उपलक्ष्य में कार्यक्रम आयोजित किया गया था। कार्यक्रम में पहुंचे दिग्विजय सिंह और कैलाश विजयवर्गीय पहले मुस्कुराते हुए गले मिले। इसके बाद विजयवर्गीय ने दिग्विजय सिंह को मालवी टोपी पहनाई।
कैलाश विजयवर्गीय ने इस मुलाकात का एक वीडियो सोशल मीडिया वेबसाइट पर शेयर करते हुए लिखा कि, “संयोग से आज मध्यप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह से इंदौर में मुलाकात हो गई। उनसे पुरानी बातें याद करते हुए हंसी-मजाक कर अच्छा लगा।”
