भोपाल। आख़िरकार लंबे समय से हो रही चर्चा के बीच मध्य प्रदेश बीजेपी का नया अध्यक्ष नियुक्त कर दिया गया है। बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने बीजेपी के वरिष्ठ नेता और खजुराहो से सांसद विष्णु दत्त शर्मा को भाजपा का नया प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किया है। विष्णु दत्त शर्मा जबलपुर से सांसद राकेश शर्मा की जगह लेंगे।
भाजपा अध्यक्ष बनाने पर विष्णु दत्त ने कहा कि, “मुझ जैसे एक सामान्य कार्यकर्ता को मध्य प्रदेश, भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष के रूप में जिम्मेदारी देने के लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह और भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा और शीर्ष नेतृत्व का आभार।“
वहीँ पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने ट्विटर पर लिखा है कि, “खजुराहो सांसद विष्णु दत्त को भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किये जाने पर हार्दिक शुभकामनाएँ। उन्हें एबीवीपी से लेकर संगठन में कार्य करने का लंबा अनुभव रहा है। वे अनेक वर्षों से भाजपा के कर्मठ कार्यकर्ता के रूप में पार्टी को मज़बूती देने का कार्य करते आ रहे हैं।“
