छतरपुर। कलेक्ट्रेट पहुंचें मंत्री को जब रिसीव करने के लिए कोई अधिकारी नहीं पहुंचा तो मंत्री आग बबूला हो गए। मंत्री ने प्रोटोकॉल उल्लंघन करने के लिए कलेक्टर को फटकार लगाई। मंत्री की फटकार सुन कलेक्टर सॉरी बोलते नजर आए।
दरअसल शुक्रवार को प्रदेश सरकार में आबकारी मंत्री एवं छतरपुर जिले के प्रभारी मंत्री बृजेंद्र सिंह राठौर विभागीय बैठक में पहुंचे थे। मंत्री कलेक्ट्रेट गेट के बाहर गाड़ी से उतर भी गए बावजूद इसके प्रोटोकॉल के तहत उन्हें कोई रिसीव करने नहीं पहुंचा। इससे मंत्री का पारा चढ़ गया।
कलेक्टर मोहित बुंदस को जैसे ही इसकी भनक लगी वह भागते हुए बाहर पहुंचे और मंत्री को सॉरी बोला। हालाँकि इसके बाद भी मंत्री का गुस्सा शांत नहीं हुआ। उन्होंने कलेक्टर बुंदस से नाराजगी जाहिर करते हुए कहा कि क्या किसी को बताया नहीं कि मैं आ रहा हूँ। यह है आपका प्रोटोकॉल। गलत बात है यह। अब आप कर लें अपनी बैठक।
मंत्री की फटकार सुन कलेक्टर बार-बार सॉरी बोलते और अपनी सफाई देते नज़र आये। मंत्री को मनाते हुए कलेक्टर उन्हें अपने चेंबर में लेकर पहुंचे। वहां दोनों के बीच 20 से 25 मिनट तक बातचीत होती रही। इसके बाद मंत्री मीटिंग में पहुंचे।
बता दे कि छतरपुर जिले के सारे विधायक कहीं न कहीं कलेक्टेट के रवैये और तवज्जो न देने की शिकायत अपने-अपने स्तर पर कर चुके हैं। बावजूद इसके कलेक्टर का ट्रांसफर नहीं करा सके।
