सीहोर। प्रदेश में कई जगहों पर किसान यूरिया की कमी को लेकर प्रदर्शन कर रहे हैं। विपक्ष भी यूरिया की कमी को लेकर प्रदेश सरकार पर हमलावार है। वहीँ प्रदेश के कृषि मंत्री सचिन यादव ने कहा कि विपक्ष यूरिया की कमी पर घड़ियाली आंसू बहा रही है।
सोमवार को सीहोर जिले की आष्टा तहसील में कांग्रेसी नेताओं ने कृषि मंत्री सचिन यादव का जोरदार स्वागत किया। इस दौरान मीडिया से बातचीत करते हुए सचिन यादव ने यूरिया की कमी पर पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान की गिरफ्तारी और विरोध प्रदर्शन पर कहा कि जिन्होंने 15 साल तक किसानों के नाम पर राजनीति की, जिनके शासनकाल में किसान हाशिये पर चले गया था, आर्थिक रूप से कमजोर हो गया था, दुखी और निराश हो गया था, आज सत्ता जाने पर किसानों के नाम पर राजनीती कर रहे हैं। किसानों के नाम पर घड़ियाली आंसू बहा रहे हैं। अगर इन्हें वाकई में किसानों की चिंता है तो केंद्र सरकार के पास जाए जो लगातार मध्यप्रदेश के साथ सौतेला व्यवहार कर रही है।
इस दौरान उन्होंने साध्वी प्राची द्वारा जवाहर लाल नेहरू को बलात्कारी कहने पर कहा कि वह खुद शंकाओं में है। महान नेता पंडित जवाहरलाल नेहरू जिन्होंने हमारे देश की नींव रखने का काम किया ऐसे व्यक्ति पर सवाल उठाने का उनका कद नहीं है।
