भोपाल। मध्यप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ के बेटे और छिंदवाड़ा से सांसद नकुलनाथ को वाई प्लस (Y+) सुरक्षा देने को लेकर मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान निशाने पर आ गए है। आरटीआई एक्टिविस्ट ने मुख्यमंत्री शिवराज पर पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ के बेटे को उपकृत करने के आरोप लगाए है।
दरअसल रविवार को प्रदेश के एकलौते कांग्रेस सांसद नकुलनाथ का एक दौरे का कार्यक्रम जारी किया गया। इसमें नकुलनाथ को वाई प्लस श्रेणी की सुरक्षा देने का उल्लेख किया गया है। इसको लेकर आरटीआई एक्टिविस्ट अजय दुबे ने मुख्यमंत्री शिवराज को निशाने पर लिया है। उन्होंने शिवराज पर कमलनाथ के बेटे को उपकृत करने का आरोप लगाया।
अजय दुबे ने सवाल उठाए कि छिंदवाड़ा सांसद को वाई प्लस श्रेणी की सुरक्षा कब और क्यों दी गई? आखिर गोपनीय तरीके से छिंदवाड़ा सांसद को वाई प्लस श्रेणी की सुरक्षा क्यों दी गई? प्रदेश के बाकी लोकसभा और राज्यसभा के भाजपा सांसदों को तो ऐसी सुरक्षा उपलब्ध नही है, तो फिर नकुल नाथ को यह सिक्योरिटी क्यों दी गई है?
अजय दुबे ने शिवराज सिंह पर सवाल खड़े करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री से इनकी दोस्ती के कई किस्से सुने है, दुबे ने कहा कि ऐसा ना हो कि कुर्सी ही हिल जाए।
