भोपाल। मध्य प्रदेश में राज्यसभा की तीन सीटों पर होने वाले चुनाव का कार्यक्रम जारी कर दिया गया है। राज्यसभा चुनाव के लिए छह मार्च को अधिसूचना जारी होगी। उम्मीदवार 13 मार्च तक अपना नामांकन पत्र दाखिल कर पाएँगे। 16 मार्च को नामांकन पत्र की जाँच की जाएगी, वहीँ 18 मार्च तक प्रत्याशी अपना नाम वापस ले सकते हैं। राज्यसभा चुनाव के लिए 26 मार्च को मतदान होगा और मतों की गिनती भी इसी दिन होगी। चुनाव की पूरी प्रकिया 30 मार्च तक पूरी कर ली जाएगी।
गौरतलब है कि मध्य प्रदेश से राज्यसभा की तीन सीट खाली होने वाली है। मध्य प्रदेश से राज्यसभा सांसद दिग्विजय सिंह, प्रभात झा और सत्यनारायण जटिया का कार्यकाल 9 अप्रैल तक खत्म होने वाला है। वर्तमान में विधायकों की संख्या देखे तो कांग्रेस अपने दो और भाजपा अपना एक सांसद राज्यसभा भेज पाएगी।
मध्य प्रदेश में राज्यसभा सीट के लिए दावेदार सक्रिय हो गए हैं। सबसे ज्यादा घमासान कांग्रेस में देखी जा रही है। दो सीटों के लिए कांग्रेस की ओर से दिग्विजय सिंह और ज्योतिरादित्य सिंधिया का नाम सामने आ रहा है। वहीँ कांग्रेस का एक खेमा प्रियंका गांधी को मध्य प्रदेश से राज्यसभा भेजना चाहता है। ऐसे में अगर प्रियंका गांधी का नाम फाइनल होता है तो दिग्विजय सिंह और ज्योतिरादित्य सिंधिया में से एक काम नाम काटना तय है। वहीँ माना जा रहा है कि भाजपा अपनी ओर से प्रभात झा के नाम को आगे करेगी।
