धार। कोरोना वायरस जैसे वैश्विक महामारी के बावजूद धार जिले के कुक्षी में बैंक में सोशल डिस्टेंस की खुलेआम धज्जियां उड़ाई जा रही है। यहां बैंक में लोगों की भीड़ उमड़ रही है। कई लोग बिना मास्क के ही बैंक पहुँच रहे हैं। ऐसे में नगर में एक बार फिर से कोरोना संक्रमण का खतरा बढ़ सकता है।
दरअसल अनलॉक के बाद सरकार की गाइडलाइन के अनुसार कुक्षी का बाजार धीरे-धीरे पटरी पर आ रहा है। लेकिन बैंकों में रोजाना बड़ी संख्या भीड़ जुट रही है। इस दौरान खुलेआम सोशल डिस्टेंस की धज्जियां उड़ाई जा रही है। लोग एक-दूसरे से सटकर खड़े हो रहे हैं। कई लोग बिना मास्क लगाए ही बैंक पहुँच रहे हैं। ऐसे में बैंक प्रशासन की लापरवाही के कारण नगर कहीं फिर से संक्रमण की फिर चपेट में न आ जाएं।
कुक्षी के व्यस्ततम विजय स्तंभ चौराहे के समीप स्थित शारदा मंदिर काम्प्लेक्स मे पहली मंजिल पर स्थित बैंक ऑफ इंडिया की शाखा है। यहां सड़क से लेकर बैंक परिसर तक लंबी-लंबी कतारों में लोग बिना मास्क और सोशल डिस्टेंस के खड़े हो रहे हैं। लोगों को ना तो तो कोरोना भय दिखाई दे रहा है और ना ही शासन के दिए गए निर्देशों का पालन किया जा रहा है।
बता दे कि कॉम्प्लेक्स में स्थित कम्प्यूटर शॉप, आयकर सलाहकार व जीवन बीमा एजेंट सहित अन्य ऑफिस भी हैं। ऐसे में दफ्तर कर्मियों के साथ आमजनों को भी आने-जाने में परेशानी हो रही है। एक ही कॉम्प्लेक्स में इतनी बड़ी संख्या में लोगों के जुटने से संक्रमण फैलने का डर बना हुआ है।
वहीं प्रशासन द्वारा संक्रमण की रोकथाम के लिए जारी गाइडलाइन के उल्लंघन पर दुकानदारों व मास्क न पहनने वालों पर कार्रवाई की जा रही है, लेकिन बैंक में भारी भीड़ के साथ धक्का-मुक्की करते हुए लोगों को रोकने में प्रशासन नाकामयाब साबित होता दिखाई दे रहा है।
बैंक के ऊपर तीसरी मंजिल पर स्थित भारतीय जीवन बीमा निगम के अभिकर्ता एवं समाजसेवी राजेश मधुप व आयकर सलाहकार प्रहलाद माहेश्वरी ने बताया की बैंक की भीड़ को लेकर बैंक प्रबंधन को कई बार अवगत किया गया बावजूद समस्या जस की तस बनी हुई। बैंक को अन्य जगह स्थानांतरित किए जाने की किए जाने की मांग भी की जिसके संक्रमण के भय से लोगों को निजात मिल सके।
