ग्वालियर। पहाड़ों पर हो रही बर्फबारी के कारण पूरा प्रदेश कांप उठा है। उत्तर से आ रही बर्फीली हवाओं के कारण तापमान में तेजी से गिरावट आई है। ठंडी हवाओं ने लोगों को घरों में दुबक कर बैठने पर मजबूर कर दिया है। ठंड के कहर को देखते हुए ग्वालियर कलेक्टर अनुराग चौधरी ने भी शासकीय और अशासकीय स्कूलों की छुट्टियां घोषित कर दी है। छुट्टियां 19 दिसंबर 2019 से 25 दिसंबर 2019 तक घोषित की गई है।
कलेक्टर ने अपने आदेश में लिखा है कि ग्वालियर जिले में अत्यधिक ठंड और शीत लहर का प्रकोप होने से शैक्षणिक संस्थाओं में पढ़ने वाले छात्र-छात्राओं पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ने की संभावना है। इसलिए सभी स्कूलों में 19 दिसंबर 2019 से 25 दिसंबर 2019 तक अवकाश घोषित किया जाता है।
