इंदौर। प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने प्रदेश के सरकार के पीडब्ल्यूडी मंत्री सज्जन सिंह वर्मा और जनसंपर्क मंत्री पीसी शर्मा पर तीखा हमला बोला है। शिवराज ने प्रदेश की सड़कों की तुलना कैलाश विजयवर्गीय के गालों से करने पर दोनों मंत्रियों की आलोचना की है।
शिवराज ने मंत्रियों को लेकर कहा कि, यह इनकी गंभीरता है? ये मंत्री है? जो सड़कों की तुलना गालो से करते हैं। इसी से सिद्ध होता है कि कांग्रेसियों की मानसिकता क्या है। एक मंत्री आकर कहता है कि ट्रांसफर के रेट इतने हैं, दूसरा कहता है कि इतने नहीं इतने हैं। अरे कम से कम ट्रांसफर के रेट तो बैठकर तय कर लो पहले। अलग-अलग कोई भी कुछ भी बोलता है। यह सरकार इतिहास की भ्रष्टतम सरकार है। मध्य प्रदेश को चील और कौए की तरह नोंच-नोंच कर खा रहे हैं। ये मंत्री रहने के लायक है?
गौरतलब है कि मीडिया से बात करते हुए पीसी शर्मा ने कहा था कि ‘भोपाल की सड़कें तो कैलाश विजयवर्गीय के गालों जैसी हैं।’ इसके बाद सज्जन सिंह वर्मा ने कहा था कि ‘पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान हेमा मालिनी के गालों जैसी सड़कें बनाने निकले थे, लेकिन ये सड़कें तो कैलाश विजयवर्गीय के गालों जैसी हो गईं।’
