भोपाल। बीते कुछ दिनों में विदिशा जिले में नसबंदी ऑपरेशन के बाद महिलाओं को जमीन पर सुलाने के दो मामले में सामने आए हैं। इन मामलों के सामने आने के बाद कांग्रेस नेताओं ने प्रदेश की बदहाल स्वास्थ्य व्यवस्था के लिए पिछली बीजेपी सरकार को जिम्मेदार ठहराया था। कांग्रेस नेताओं के बयान पर पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने पलटवार किया है।
शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि, “अब ये कहते हुए लज्जा आनी चाहिए, शर्म आनी चाहिए, कोई भी ऑपरेशन बिना पूरी पूर्व तैयारी के नहीं किया जाना चाहिए, ये तो अमानवीयता की पराकाष्ठा है।“
बता दे कि कुछ दिनों पहले विदिशा के ग्यारसपुर स्वास्थ्य केंद्र में नसबंदी के ऑपरेशन के बाद 41 महिलाओं को फर्श पर ही लेटा दिया गया था। जिसकी तस्वीरें सामने आने के बाद काफी बवाल हुआ था। लेकिन स्वास्थ्य विभाग ने इस घटना से सीख लेने की बजाय फिर से वहीँ लापरवाही दोहरा दी। हाल ही में विदिशा के लुटेरी में 37 महिलाओं को ऑपरेशन के बाद फर्श पर लिटा दिया गया।
