भोपाल। लोकसभा के बाद नागरिकता संशोधन बिल राज्यसभा में भी पास हो गया है। प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने इस बिल को ऐतिहासिक बताते हुए इसे पारित कराने के लिए प्रधानमंत्री मोदी और गृहमंत्री अमित शाह का अभिनंदन किया है। साथ ही बिल का समर्थन करने वाले सभी सांसदों का भी शिवराज सिंह चौहान ने धन्यवाद किया।
शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि, हमारे देश में लाखों शरणार्थी भाई बहन ऐसे हैं जिन्हें जिन्दगी में केवल यातना मिली थी। चाहे वह पाकिस्तान से आये हो या बांग्लादेश से उन्हें नया जीवन मिला है। उन्हें यातनाओं से मुक्ति मिली है।
कांग्रेस द्वारा बिल का विरोध करने पर श्विराज ने कहा कि, कांग्रेस और इमरान खान एक ही भाषा बोल रहे हैं। पाकिस्तान ने भी विरोध किया और कांग्रेस ने विरोध भी किया। कौन नहीं जानता पाकिस्तान में कितने अल्पसंख्यक प्रताड़ित हुए है। इंदौर में जब मैं मुख्यमंत्री था तब पाकिस्तान से आई बेटियों ने मुझसे कहा था कि हम पाकिस्तान वापस नहीं जाएंगे। वहां हमारा अपमान होता है। निकाह के लिए उठा लिया जाता है। धर्मांतरण किया जाता है। यह बिल किसी भारतवासी के खिलाफ नहीं है। यह बिल केवल हमारे शरणार्थी भाई बहनों के लिए है।
