भोपाल। केंद्र सरकार की गाइडलाइन के अनुसार सोमवार से राजधानी भोपाल में शॉपिंग मॉल, होटल और रेस्टोरेंट खुल गए हैं। हालांकि अभी धार्मिक स्थलों को नहीं खोला गया है। धार्मिक स्थलों को खोलने को लेकर 12 जून को भोपाल में धर्मगुरुओं के साथ बैठक होगी। उम्मीद है कि 15 जून के बाद राजधानी में धार्मिक स्थलों को खोला जा सकता है।
सोमवार सुबह भोपाल के एमपी नगर में बोर्ड आफिस चौराहा स्थित शहर के बड़े शॉपिंग कॉम्पलेक्स डीबी मॉल को विधिवत पूजन के साथ खोला गया। इसके अलावा राजधानी के दूसरे शॉपिंग मॉल, होटल और रेस्टोरेंट भी खुल गए है। सभी जगह कोरोना संक्रमण को देखते हुए सुरक्षा के इंतजाम किए गए है। सभी मॉल्स में थर्मल स्क्रीनिंग और सैनिटाइजेशन की व्यवस्था की गई है। हालांकि जोखिम वाले क्षेत्रों में मॉल्स, रेस्टोरेंट और होटल नहीं खोले गए हैं।
प्रशासन द्वारा जारी आदेश के अनुसार शॉपिंग मॉल सुबह 8 बजे से शाम 8:30 बजे तक खुले रहेंगे। यहां पहुंचने वाले लोगों को सोशल डिस्टेंसिंग के पालन करना होगा। साथ ही अपने साथ मास्क, गलब्स और सैनिटाइजर लाना होगा। इसके अलावा होटल और रेस्टोरेंट में भी प्रशासन द्वारा जारी गाइडलाइन का पालन करना होगा।
