बैतूल। प्लाट की बही बनाने के नाम पर पटवारी का किसान से रिश्वत लेते हुए वीडियो सामने आया है। वीडियो में किसान अपनी जेब से रुपये निकालकर गिनते हुए और पटवारी को देते हुए नजर आ रहा है।
मामला बैतूल जिले की घोड़ाडोंगरी तहसील कार्यालय का है। यहाँ रहने वाले किसान अशोक कहार ने पटवारी अजय जावरकर को अपने द्वारा क्रय किये गए प्लाट की बही बनाने के लिए आवेदन दिया था। आवेदन को लेकर जब 15 अक्टूबर को अशोक पटवारी से मिलने के लिए पहुंचा तो पटवारी ने अशोक से चार हजार रुपये की मांग की।
पटवारी ने किसान को बताया कि सभी को इन रुपयों में से हिस्सा देना पड़ता है। इस पर अशोक पैसे न होने की बात कहकर वहां से चला गया। थोड़ी देर बाद अशोक अपने भांजे के साथ वापस तहसील कार्यालय पहुंचा और पटवारी को रिश्वत के रुपये दिए। पीछे खड़े अशोक के भांजे ने रिश्वत के रुपये देने का वीडियो बना लिया।
बताया जा रहा है की रिश्वत के रुपये देने के बनाए वीडियो को लेकर अशोक ने स्थानीय तहसीलदार से पटवारी की उससे रिश्वत लेने की शिकायत भी की थी।
