उमरिया। विंटर वेकेशन शुरू होते ही बांधवगढ़ राष्ट्रीय उद्यान की रौनक बढ़ गई है। यहाँ रोजाना हजारों की संख्या में पर्यटक पहुँच रहे हैं। इनमे बड़ी संख्या विदेशी पर्यटकों की भी शामिल है। होटल और रिसोर्ट पर्यटकों की आमद से लबालब है। हालाँकि इतनी बड़ी संख्या में पर्यटकों के पहुँचने से पार्क प्रबंधन वन्य जीवों की सुरक्षा को लेकर भी विशेष सतर्कता बरत रहा है।
दरअसल दुनिया भर में बाघ दर्शन के लिए मशहूर बांधवगढ़ टाइगर रिज़र्व में कड़ाके की ठंड के बावजूद पर्यटक पहुँच रहे हैं। शीतकालीन अवकाश शुरू होते ही पर्यटकों की संख्या में ख़ासा इजाफ़ा हुआ है। आलम ये है कि पार्क के सभी गेटों में एंट्री फुल चल रही है। हर तरफ सिर्फ सैलानी ही नजर आ रहे हैं। पर्यटक भी बाघ, बायसन, जंगली हाथी, मोर, भालू सहित दुर्लभ पक्षी के दीदार कर ख़ुशी से झूम रहे हैं और बांधवगढ़ की तारीफ कर रहे हैं।
बांधवगढ़ के जंगल में सैलानियों से आई रौनक से पार्क प्रबंधन भी बेहद खुश है। प्रबंधन पर्यटकों की स्वागत के साथ साथ सतर्कता भी बरत रहा है कि जंगल का कोई दुश्मन सैलानियों की भीड़ का फायदा उठाकर वन्य जीवों को नुकसान न पंहुचा सके। इसके लिए प्रबंधन ने वनो एवं वन्य जीवों की चौकसी के लिए स्पेशल ड्यूटी लगाई है।
बहरहाल बांधवगढ़ में सैलानियों की बहार है और ये बहार जल्द थमने वाली नही है। क्रिसमस से शुरू हुए विंटर वेकेशन के बाद 31 दिसम्बर और नए साल में जश्न मनाने पर्यटक लगातार बांधवगढ़ पहुंचेंगे। बांधवगढ़ प्लान करने वाले सैलानियों को पहले सीटो की ऑनलाइन स्थिति देखना होगा और जगह रिक्त होने पर ही पर्यटन के लिए प्लानिंग करनी होगी नहीं तो फिर परेशानी हो सकती है।
