उज्जैन। मध्यप्रदेश में ‘टाइगर’ को लेकर मचे सियासी घमासान में अब पूर्व मुख्यमंत्री उमा भारती भी शामिल हो गई है। उमा भारती ने दिग्विजय सिंह पर निशाना साधते हुए कहा है कि, मैंने 2003 में ट्रेंकुलाइजर गन से राघोगढ़ के शेर को बेसुध कर दिया था। मैं दुर्गा की बेटी हूं, शेर की सवारी करती हूं।
दरअसल उमा भारती सावन महीने के पहले सोमवार को उज्जैन के विश्वप्रसिद्ध महाकाल मंदिर पहुंची थी। बाबा महाकाल के दर्शन करने के बाद उमा भारती ने मप्र में ‘टाइगर’ को लेकर मचे सियासी घमासान में शामिल होते हुए कहा है कि मैंने तो 2003 में ही ट्रेंकुलाइजर गन से राघोगढ़ के शेर को बेसुध कर दिया था।
वहीं शिवराज मंत्रिमंडल के विस्तार के बाद मलाईदार विभाग को लेकर चर्चा पर उमा भारती ने कड़ा रुख अख्तियार करते हुए कहा कि खबरदार यदि किसी विभाग को मलाईदार समझा। कोई भी मंत्री मलाईदार विभाग की अपेक्षा ना करे। हमारे यहां सब सेवक होते हैं।
उमा भारती ने ज्योतिरादित्य सिंधिया को लेकर कहा कि उन्हें बहुत पहले ही भाजपा में आ जाना चाहिए थे। उन्होंने भाजपा में आकर राजमाता की इच्छा पूरी की है। राजमाता चाहती थी कि माधवराव सिंधिया जनसंघ में आ जाए।
