छिंदवाड़ा। छिंदवाड़ा नगर निगम ने सिंगल यूज प्लास्टिक का उपयोग रोकने के लिए अनूठी पहल शुरू की है। नगर निगम ने थैला और बर्तन बैंक शुरु किया है। यहाँ कम कीमत में कपड़े और कागज के थैले व कम किराया में बर्तन दिए जाते हैं।
दरअसल प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देशवासियों से सिंगल यूज प्लास्टिक उपयोग न करने की अपील की है। उनकी अपील का बड़ा असर देखने को मिल रहा है। पूरे देश भर में अलग-अलग तरीकों से प्लास्टिक को बंद किया जा रहा है। छिंदवाड़ा में भी नगर निगम ने सिंगल यूज प्लास्टिक का उपयोग रोकने के लिए थैला और बर्तन बैंक शुरू किया है। जिससे आसानी से कम कीमत में थैला मिल सके। साथ ही सिंगल यूज डिस्पोजल से कम कीमत में किराए से बर्तन मिल सके। थैला और बर्तन बैंक से एक थाली चम्मच और ग्लास के सेट किराए से लेने पर मात्र दो रुपए का भुगतान करना होता है। बैंक को स्व. सहायता समूह द्वारा संचालित किया जाता हैं।
छिंदवाड़ा नगर निगम सीमा के भीतर कुल 48 वार्डों में इस तरह के बर्तन बैंक खोले गए है। जिन्हें महिला स्व सहायता समूह चलाते हैं। वहीं बाजार में भी निगम से दो कैफे खोले हैं जहाँ से लोग सीधे बर्तन किराए से ले सके। महिलाओं का स्थानीय स्तर पर जुड़ाव अधिक होता है इसिलए स्व. सहायता समूह को जोड़ा गया है जिससे की स्व. सहायता समूह को भी रोजगार मिल सके।
सिंगल यूज प्लास्टिक को बंद करने की घोषणा के बाद शहर में खुले थैला और बर्तन बैंक लोगों को सिर्फ जागरुक ही नहीं बल्कि उन्हें सस्ते में बर्तन भी उपलब्ध करा रहे हैं। जिससे लोग अब प्लास्टिक को बाय बाय कर रहे हैं।
