Xpose Today
रतलाम। रतलाम के अंतरराष्ट्रीय बास्केटबॉल खिलाड़ी एवं विक्रम पुरस्कार से सम्मानित संजय वशिष्ठ को बास्केटबॉल फेडरेशन ऑफ इंडिया (बीएफआई) ने एक और महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी है। विजयवाड़ा में 27 सितंबर से 4 अक्टूबर तक आयोजित होने वाली सब-जूनियर बास्केटबॉल प्रतियोगिता के लिए गठित भारतीय टीम की चयन समिति में संजय वशिष्ठ को सदस्य मनोनीत किया है। वे प्रतियोगिता के लिए भारतीय सब-जूनियर टीम के खिलाड़ियों के चयन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। संजय वशिष्ठ को मिली इस जिम्मेदारी को रतलाम के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है। प्रदेश के कैबिनेट मंत्री चैतन्य काश्यप ने भी उनकी इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए इसे रतलाम के लिए गौरव का विषय बताया है। पूर्व में भी निभा चुके हैं जिम्मेदारी संजय वशिष्ठ इससे पूर्व भी भारतीय बास्केटबॉल टीमों के चयन में महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां निभा चुके हैं। भुवनेश्वर और पुडुचेरी में आयोजित जूनियर एवं यूथ स्तर की प्रतियोगिताओं के लिए भारतीय टीम के चयन हेतु गठित चयन समितियों में भी उन्हें सदस्य बनाया गया था। इसके अलावा वे भारतीय रेलवे की चयन समिति के सदस्य के रूप में भी अपनी सेवाएं दे चुके हैं। भारतीय रेलवे से वाणिज्य निरीक्षक के पद से सेवानिवृत्त संजय वशिष्ठ वर्तमान में बास्केटबॉल फेडरेशन ऑफ इंडिया से जुड़े रहते हुए खेल के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहे हैं। बीएफआई के सचिव कुलविंदर गिल द्वारा भेजे गए पत्र के माध्यम से उन्हें चयन समिति में शामिल किए जाने की जानकारी दी गई है। खेल जगत ने दी बधाई संजय वशिष्ठ के चयन पर रतलाम जिला बास्केटबॉल संघ के अध्यक्ष सुशील अजमेरा, उपाध्यक्ष देवेंद्र वाधवा, सुनील दुबे, नगर निगम नेता प्रतिपक्ष भगत सिंह भदौरिया, पूर्व शहर कांग्रेस अध्यक्ष महेंद्र कटारिया, रेडक्रॉस समिति के सदस्य सुनील पारीक, वॉलीबॉल संगठन के प्रकाश व्यास, क्रिकेट संघ के अनुज शर्मा, सेवानिवृत्त खेल अधिकारी जोस चाको सहित शहर के विभिन्न खेल संगठनों के पदाधिकारियों एवं खेलप्रेमियों ने बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।
