भोपाल। मध्यप्रदेश में शुक्रवार को कोरोना के 153 नए मामले सामने आए हैं, वहीं 9 लोगों की कोरोना के कारण मौत हो गई हैं। इससे प्रदेश में कोरोना संक्रमित मरीजों की संख्या 11582 हो गई हैं, जबकि मरने वालों की संख्या 495 हो गई है। प्रदेश में अब तक 8749 मरीज स्वस्थ हो चुके हैं।
राजधानी भोपाल में नए संक्रमित मामलों की संख्या में कमी देखी गई है। शुक्रवार को यहां 22 लोगों में संक्रमण की पुष्टि हुई है। इससे यहां संक्रमण के कुल मामलों की संख्या 2656 पर पहुँच गई हैं। शुक्रवार को राजधानी में 40 मरीज स्वस्थ होकर अपने घर लौट गए।
इंदौर में शुक्रवार को 42 लोगों में संक्रमण की पुष्टि हुई है। इससे इंदौर में संक्रमित मरीजो का आंकड़ा 4288 हो गया है। वहीं 193 मरीजों की अब तक मौत हो चुकी हैं। यहां फ़िलहाल 927 मरीजों का इलाज किया जा रहा है।
शुक्रवार को उज्जैन में कोरोना के चार नए मामले सामने आए हैं। इससे यहां संक्रमित मरीजों की संख्या 835 हो गई है। यहां अब तक 67 लोग महामारी से जान गवां चुके हैं जबकि 673 मरीज ठीक हो चुके हैं। देवास में तीन लोगों में संक्रमण की पुष्टि होने से यहां संक्रमित मरीजों की संख्या 184 हो गई है। इनमें से 116 लोग ठीक हो चुके हैं। रतलाम में भी तीन लोगों में संक्रमण की पुष्टि हुई है। यहां अब तक संक्रमण के 133 मामले सामने आ चुके हैं, जिनमें से 90 मरीज ठीक हो चुके हैं।
नीमच में दो पॉजिटिव मरीज मिलने से संक्रमित मरीज 420 हो गए हैं। यहां फ़िलहाल 42 एक्टिव मरीज है। मंदसौर में भी तीन नए कोरोना के मामले सामने आए हैं। इससे जिले में संक्रमित मरीजों की संख्या 101 रह गई है। वहीं शाजापुर में एक नया मामला सामने आने के बाद संक्रमित मरीजों की संख्या 47 हो गई है जबकि धार में दो संक्रमित मरीज मिलने के बाद संक्रमित मरीजों की संख्या 143 हो गई हैं।
शुक्रवार को जबलपुर में कोरोना के दो नए मामले सामने आए हैं। इससे जिले में संक्रमण का आंकड़ा 330 हो गया है। वहीं नरसिंहपुर के गदरवाडा में चार लोगों में संक्रमण की पुष्टि हुई है। यहां अब तक संक्रमण के 26 नए मामले सामने आ चुके हैं। सिवनी में नोएडा से लौटा युवक संक्रमित पाया गया है।
शुक्रवार को ग्वालियर-चंबल अंचल में 20 लोग संक्रमित पाए गए हैं। इनमें से ग्वालियर में 8, भिंड में 6, मुरैना में 5 और श्योपुर में एक नया मामला सामने आया है। ग्वालियर में आईपीएस अधिकारी की मां में संक्रमण की पुष्टि हुई है। ग्वालियर में अब तक संक्रमण के 286 मामले सामने आ चुके हैं। इसके अलावा मुरैना में एक पूर्व विधायक के बेटे और ड्राईवर में संक्रमण की पुष्टि हुई है।
