भोपाल। शुक्रवार को मध्यप्रदेश में नए संक्रमित मरीजों का आंकड़ा फिर से 200 के पार हो गया है। यहां संक्रमण के 203 नए मामले सामने आए हैं। इससे प्रदेश में संक्रमित मरीजों की संख्या 12798 हो गई है।
राजधानी भोपाल में कोरोना संक्रमण के मामले लगातार बढ़ते ही जा रहे है। शुक्रवार को यहां कोरोना वायरस के 44 नए मामले सामने आए हैं। इनमें से 5 मामले राजभवन से सामने आए है। राजभवन के अलावा भोपाल के हॉटस्पॉट शाहजहांनाबाद में भी 5 नए मामले सामने आए हैं। भोपाल में अब तक संक्रमण के 2927 मामले सामने आ चुके हैं। इनमें से 2029 मरीज ठीक होकर घर लौट चुके हैं।
इंदौर में शुक्रवार को 1248 सैंपल की जाँच की गई, जिनमें से महज 32 सैंपल की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। इसी के साथ इंदौर में संक्रमण के कुल मामलों की संख्या 4575 हो गई है। साथ हुई शुक्रवार को हुई चार मौतों के बाद संक्रमण से मरने वालों का आंकड़ा 218 हो गया है। फ़िलहाल इंदौर में 980 सक्रिय मामले है।
शुक्रवार को बड़वानी में 8 लोगों में संक्रमण की पुष्टि हुई है जबकि धार जिले में 4 जबकि खंडवा और मंदसौर में 3-3 नए मामले सामने आए हैं। बड़वानी में अब तक संक्रमण के 105 मामले सामने आ चुके हैं। इनमें से 74 मेज अब तक स्वस्थ हो चुके हैं। वहीं देवास में संक्रमित मरीजों की संख्या 210 हो गई है। इनमें से 172 मरीज स्वस्थ हो चुके हैं। इनके अलावा खंडवा में अब तक सामने आए 301 मरीजों में से 263 स्वस्थ हो चुके हैं। मंदसौर में इस समय 10 एक्टिव मरीज है।
ग्वालियर-चंबल अंचल में कोरोना के मामले तेजी से बढ़ रहे हैं। शुक्रवार को यहां संक्रमण के 40 नए मामले सामने आए हैं। इनमें से 18 मामले मुरैना, 13 मामले ग्वालियर और 9 मामले भिंड से सामने आए हैं। इससे ग्वालियर में संक्रमित मरीजों की संख्या 334 पर पहुँच गई है। इनमें से 273 लोग स्वस्थ होकर अपने घर लौट चुके हैं।
वहीं महाकोशल-विंध्य में शुक्रवार को कोरोना वायरस के 21 नए मामले सामने आए हैं। इनमें से 6 मामले सतना, 4 मामले पटना, 3-3 मामले सिवनी और कटनी, 2-2 मामले दमोह और जबलपुर जबकि एक मामला शहडोल से सामने आया है। सिवनी में शादी के एक सप्ताह बाद दूल्हा सहित तीन लोग कोरोना पॉजिटिव पाए गए। शादी में दिल्ली से आई एक महिला में संक्रमण की पुष्टि होने के बाद शादी में शामिल होने वाले लोगों की जाँच की जा रही है।
