भोपाल। मध्यप्रदेश में कोरोना संक्रमित मरीजों का आंकड़ा पांच हजार के पार हो गया है। रविवार को प्रदेश में कोरोना के 258 नए मामले सामने आए है। इस तरह प्रदेश में कोरोना के कुल मरीजों का आंकड़ा 5132 हो गया है। वहीँ तीन लोगों की मौत के बाद मरने वालों का आंकड़ा 215 पर पहुँच गया है।
राजधानी भोपाल में रविवार को 39 नए मामले सामने आए है। इनमें कुवैत से लाए गए 234 भारतीयों में से एक भारतीय भी शामिल है। इसे मिलाकर अब तक 21 भारतीय पॉजिटिव मिल चुके हैं। वहीँ भोपाल में कोरोना वायरस के कुल मरीजों की संख्या 1053 हो गई है।
रविवार को इंदौर में सबसे ज्यादा 92 पॉजिटिव मामले सामने आए है, वहीँ एक व्यक्ति की कोरोना से मौत हो गई है। हालांकि राहत की बात यह रही कि नए मामले 2182 सैंपल की जाँच करने पर सामने आए हैं। 2090 सैंपल की रिपोर्ट नेगेटिव आई है। इस तरह पॉजिटिव आने की दर मात्र 4।2 रही। इंदौर में अब तक 1119 लोगों को डिस्चार्ज कर दिया गया है, वहीं 100 लोगों की अब तक मौत हो चुकी है।
खंडवा जिले के लिए रविवार का दिन काफी निराशा वाला रहा। यहाँ रविवार को एक साथ 69 नए मरीज सामने आने से हड़कम्प मच गया है। इससे जिले में कोरोना संक्रमितों की संख्या 165 रह गई है। खंडवा में कोरोना के कारण अब तक आठ लोगों की मौत हो चुकी हैं, वहीँ 39 लोग ठीक होकर अपने घर लौट चुके हैं।
उज्जैन में रविवार को 12 नए संक्रमित मरीजों की पुष्टि हुई है। यहाँ अब तक 341 कोरोना मरीजों की पुष्टि हुई है। वहीँ एक संक्रमित की मौत के बाद मृतकों की संख्या 48 हो गई है। रविवार को 18 मरीजों को ठीक होने के बाद डिस्चार्ज किया गया। वहीँ देवास में नर्सिंग कॉलेज की वाइस प्रिंसिपल सहित पांच नए मामले सामने आए है। इससे जिले में संक्रमितों की संख्या 64 हो गई है।
इनके अलावा धार जिले के कुक्षी में 10 मामले सामने आने के बाद धार में कोरोना पॉजिटिव मरीजों की संख्या 106 हो गई है। जबकि बुरहानपुर में तीन नए मामले सामने है और एक मरीज की मौत हो गई है। इससे जिले में संक्रमित मरीजों की संख्या 153 और मृतकों की संख्या 11 हो गई है। अन्य जिलों की बात करें तो ग्वालियर-चंबल में 14, जबलपुर में 6, सागर में 2 और अशोक नगर में एक नया मामला सामने आया है।
