भोपाल। मध्यप्रदेश में एक बार फिर बड़ी संख्या में कोरोना के नए मामलों की पुष्टि हुई है। सोमवार को प्रदेश में कोरोना के 274 नए मामले सामने आए हैं जबकि छह लोगों की कोरोना के कारण मौत हो गई है। इन्हें मिलाकर प्रदेश में अब कोरोना संक्रमितों की संख्या 5409 हो गई हैं जबकि मरने वालों का आंकड़ा 221 हो गया है।
सोमवार को प्रदेश में सबसे ज्यादा मामले राजधानी भोपाल में सामने आए हैं। यहाँ कुवैत से लाए गए 24 भारतीय सहित 83 लोगों में कोरोना वायरस की पुष्टि हुई है। यह भोपाल में एक दिन में कोरोना संक्रमितों का सामने आया सबसे बड़ा आंकड़ा है। इससे भोपाल में पॉजिटिव मरीजों की संख्या 1156 हो गई है। वहीँ सोमवार को एक मरीज की मौत के बाद मरने वालों का आंकड़ा 39 हो गया है। बता दे कि कुवैत से आए 234 लोगों में तीन दिन के भीतर 44 लोग पॉजिटिव आ चुके हैं।
इंदौर में कोरोना संक्रमितों का आंकड़ा 2637 हो गया है जबकि मरने वालों की संख्या 103 हो गई है। यहाँ सोमवार को 902 सैंपल की जांच की गई, जिसमें से 72 सैंपल पॉजिटिव और 830 सैंपल नेगेटिव आए है। वहीँ दो लोगों की कोरोना संक्रमण के कारण मौत हुई है। इस बीच राहत की खबर यह रही कि सोमवार को कुल 71 मरीज कोरोना को हराकर अस्पताल से डिस्चार्ज हुए है।
उज्जैन जिले में 21 नए संक्रमित मरीजों की पुष्टि होने के बाद संक्रमितों की संख्या 362 हो गई है। नए मामलों में 18 मरीज उज्जैन शहर, 2 मरीज महिदपुर और एक मरीज खाचरौद का रहने वाला है। सोमवार को यहाँ छह मरीज कोरोना को हराकर घर लौटे। उज्जैन में कोरोना से ठीक होने वालों का आंकड़ा 172 हो गया है।
देवास में सोमवार को 163 सैंपल की रिपोर्ट में से 162 नेगेटिव मिले है। एक दूध बाँटने वाले युवक में कोरोना वायरस की पुष्टि हुई है। देवास में अब तक 65 संक्रमित मिल चुके हैं। वहीँ बुरहानपुर में सोमवार को सबसे ज्यादा 42 लोगों में कोरोना संक्रमण की पुष्टि हुई है। इससे यहाँ संक्रमितों का आंकड़ा 195 हो गया है। इसके अलावा खंडवा में भी 21 नए मरीज सामने आने से संक्रमितों की संख्या 186 हो गई है।
सोमवार को झाबुआ और खरगोन में चार-चार जबकि धार में एक नए पॉजिटिव मरीज की पुष्टि हुई है। झाबुआ जिले में अब तक 11 और खरगोन जिले में 103 मरीज सामने आ चुके हैं। वहीँ धार में यह आंकड़ा 107 पर पहुँच गया है। इस बीच मंदसौर-नीमच और रतलाम के लिए राहत की बात रही कि यहाँ सोमवार को कोरोना का कोई मामला सामने नहीं आया है। अब तक मंदसौर में 60, नीमच में 50 और रतलाम में 23 मामले सामने आ चुके हैं।
