सिंगरौली। शुक्रवार शाम को सिंगरौली से 18 किलोमीटर दूर सासन में रिलायंस पावर प्लांट का फ्लाई एश डैम अचानक फूट गया। डैम फूटने से मलबा आसपास के गांवों में घुस गया। इस हादसे में एक ही परिवार के पांच लोग लापता हो गए। फिलहाल उनकी तलाश की जा रही है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार शुक्रवार शाम को करीब चार बजे तेज आवाज के साथ डैम फूट गया। इससे डैम का पानी और मलबा गांव में आ गया। लोग जान बचाने के लिए घरों की छतों पर चढ़ गए जबकि कुछ पहाड़ों की तरफ भागे। मलबे के कारण खेतों में कड़ी कई एकड़ फसल पूरी तरह बर्बाद हो गई। घरों में मलबे की कई फीट मोटी परत जम गई। कई घर व परिवार पानी में फंस गए। पूरे इलाके में पानी भर जाने से काम के लिए क्षेत्र में गए लोग और कई मवेशी देर रात तक फंसे रहे।
इस हादसे में एक ही परिवार के सात लोगों में से पांच लापता है। रिवार की दो महिलाओं को किसी तरह राख के मलबे से बाहर निकाला गया, बाकी लोगों की तलाश जारी है। घटना की जानकारी मिलते ही एसपी व एसडीएम सहित रिलायंस के अधिकारी मौके पर हालात का जायजा लेने के लिए पहुंचे।
