नीमच। सामाजिक कार्यकर्ता बालचंद्र वर्मा ने मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान को पत्र लिखकर 14 पूर्व विधायकों की तर्ज पर उन्हें भी मंत्री बनाने की मांग की है। उन्होंने लिखा है कि वह बिना वेतन भत्ते के जनता की सेवा करना चाहते हैं। बालचंद्र वर्मा का यह पत्र सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
बालचंद्र वर्मा ने मुख्यमंत्री शिवराज को पत्र में लिखा है कि, 2 जुलाई को 14 ऐसे मंत्रियों को शपथ दिलवाई गई हैं जो वर्तमान विधानसभा के निर्वाचित सदस्य नहीं है, केवल आम नागरिक है। आपकी पिछली सरकार में भी पांच ऐसे ही व्यक्तियों को मंत्री बनाया गया था।
बालचंद्र वर्मा ने आगे लिखा है कि मैं प्रदेश का एक आम नागरिक, सामाजिक कार्यकर्ता और रिटायर्ड इलेक्ट्रिकल इंजीनियर हूँ। इसलिए मुझे भी मंत्री पद की शपथ दिलवाने का कष्ट करें ताकि मैं भी मप्र की आम जनता की सेवा कर सकूँ। इसके लिए मैं वेतन नहीं लूँगा। या फिर इन 14 मंत्रियों को भी हटाया जाए। वरना किसी भी प्रकार की होने वाली अप्रिय घटना के लिए आप स्वयं जिम्मेदार होंगे।
