भोपाल। भाजपा के राज्यसभा सांसद ज्योतिरादित्य सिंधिया के बाद अब उनके निजी सचिव अनिल मिश्रा भी कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं। कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद उन्होंने खुद को क्वारंटाइन कर लिया है। अनिल मिश्रा में कोरोना संक्रमण की पुष्टि होने से हड़कम्प मच गया है।
बता दे कि अनिल मिश्रा 2 जुलाई को सिंधिया के साथ भोपाल आए थे। भोपाल आने के बाद अनिल मिश्रा सीएम हाउस में हुई मुख्यमंत्री शिवराज और सिंधिया की मुलाकात के दौरान वहां मौजूद थे। वह सिंधिया की विधायकों के साथ हुई मुलाकात के समय भी मौजूद थे। यहीं नहीं अनिल मिश्रा मंत्रियों के शपथग्रहण समारोह के दौरान राजभवन में भी मौजूद थे। इसके अलावा अनिल मिश्रा वर्चुअल रैली के दौरान भाजपा कार्यालय में भी मौजूद थे।
बताया जा रहा है कि तीन दिन भोपाल में रहने के दौरान अनिल मिश्रा भाजपा विधायकों, नेताओं सहित करीब 1000 लोगों के सम्पर्क में आए हैं। ऐसे में अनिल मिश्रा की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद भाजपा नेताओं में हड़कम्प की स्थिति है। वहीं अनिल मिश्रा ने खुद को क्वारंटाइन कर लिया है। उन्हें थोड़ा बुखार आ रहा है। बाकि कोई समस्या नहीं है।
गौरतलब है कि इससे पहले जून में ज्योतिरादित्य सिंधिया और उनकी मां माधवी राजे सिंधिया कोरोना पॉजिटिव पाए गए थे। सिंधिया को कोरोना के हल्के लक्षण थे, जबकि उनकी मां में संक्रमण का कोई लक्षण नजर नहीं आए थे। हालांकि अब दोनो ठीक हो चुके है।
