इंदौर। मध्यप्रदेश के इंदौर में कोरोना संक्रमण के मामलों में एक बार फिर तेजी देखी जा रही है। यहां हातोद के एक मोहल्ले में एक ही परिवार के 27 लोगों में कोरोना संक्रमण की पुष्टि हुई है। इनमें 5 साल के बच्चे से लेकर 85 साल का बुजुर्ग शामिल है। इतने लोगों में संक्रमण की पुष्टि होने के बाद स्वास्थ्य विभाग ने पूरे मोहल्ले को सील कर दिया है।
हातोद के जिस परिवार के 27 लोगों में कोरोना संक्रमण की पुष्टि हुई हैं, उसमें पहले दो लोगों को कोरोना हुआ था। संक्रमित परिवार के सदस्य मछली बेचने का व्यवसाय करते हैं। ऐसे में वहां मछली बेचने और तालाबों से मछली पकड़ने पर भी रोक लगा दी गई है।
दूसरी तरफ स्वास्थ्य विभाग ने सभी संक्रमित मरीजों को उपचार के लिए एमटीएच अस्पताल में भर्ती किया गया है। साथ ही उनके सम्पर्क में आए लोगों की जानकारी पता करके उन्हें क्वारंटाइन किया जा रहा है। इसके साथ भोई मोहल्ले से सटी कॉलोनियों में जांच के लिए टीम भेजी जा चुकी है।
बता दे कि इंदौर में कोरोना वायरस नए इलाकों में पहुँच रहा है। कोरोना संक्रमण इंदौर के नंद बाग कॉलोनी, कनाड़िया, दामोदर नगर, ईश्वर नगर, लिंबोदी की शिवधाम कॉलोनी, बाणगंगा का धोबी मोहल्ला, किशनगंज महू और ब्रजेश्वरी एनेक्स जैसे नए क्षेत्रों में पहुँच गया है।
