भोपाल। मध्यप्रदेश में एक बार फिर से कोरोना के मामलों में तेजी इजाफा हो रहा है। राजधानी भोपाल में मंगलवार को 86 नए मामले सामने आए हैं। यह एक दिन में सामने आने वाले सर्वाधिक मामलों की संख्या है। इससे राजधानी भोपाल में कोरोना संक्रमित मरीजों की संख्या 3508 पर पहुँच गई है। इनमें से 2286 मरीज अब तक स्वस्थ होकर अपने घर लौट चुके हैं।
इंदौर में मंगलवार को 1545 सैंपल की जाँच की गई, जिनमें से 44 सैंपल की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। इससे इंदौर में कोरोना मरीजों की संख्या 4998 पर पहुँच गई है। साथ ही इंदौर में कोरोना मरने वालों की संख्या 252 पर पहुँच गई है।
ग्वालियर-चंबल अंचल में कोरोना की रफ़्तार बेकाबू होती जा रही है। यहां मंगलवार को सर्वाधिक 214 नए मामले सामने आए हैं। इससे अंचल में कोरोना संक्रमित मरीजों की संख्या दो हजार के पार पहुँच गई है। नए मरीजों में से 69 मामले ग्वालियर, 115 मामले मुरैना, 15 मामले शिवपुरी, 8 मामले भिंड, 6 मामले दतिया और एक मामला श्योपुर से सामने आया है। बता दे कि ग्वालियर में अब तक 713, मुरैना में 833, भिंड में 313, शिवपुरी में 98, श्योपुर में 93 और दतिया में 53 मामले सामने आ चुके हैं।
मंगलवार को मालवा-निमाड़ अंचल में भी कोरोना के मामलों में बढ़ोत्तरी हुई है। मंगलवार को खंडवा और बड़वानी में 14 नए मामले सामने आए हैं। इसके अलावा खरगोन में 10, रतलाम में 4 और देवास में दो नए मामले सामने आए हैं।
जबलपुर में मंगलवार को कोरोना के 8, पन्ना और सतना में 2-2 व कटनी में एक नया मामला सामने आया है। जबलपुर में अब तक कोरोना के 459 मामले सामने आ चुके हैं। वहीं पन्ना में कोरोना संक्रमित मरीजों की संख्या 34 जबकि सतना में कोरोना मरीजों की संख्या 47 हो गई है।
